धनबाद। बरवाड़ा थाना क्षेत्र के भेला टांड़ स्थित 8 लेन सड़क पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे में कार्मिक नगर निवासी अभिषेक सिन्हा और उनकी सास रेखा सिन्हा गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तब हुआ जब एक टेंपो चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक मोड़ ले लिया। टेंपो के पीछे चल रहा बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठा और सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गया। इस भिड़ंत में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए।

घायलों में अभिषेक सिन्हा का दाहिना पैर टूट गया है, वहीं उनकी सास रेखा सिन्हा का दाहिने पैर की छोटी उंगली अलग हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक को हल्की चोटें आई हैं।

अभिषेक के भाई अभिजीत सिन्हा ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली। इसके बाद वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अभिषेक और उनकी सास को एम्बुलेंस से स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे की सूचना पुलिस को देने के बाद भी पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *