निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में तेल माफिया के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने खुद छापा मारकर बरियारपुर गांव के पास एक अवैध पेट्रोल-डीजल कटिंग अड्डे का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई शुक्रवार की देर रात को हुई। एसडीओ ने करीब दस बजे अपनी टीम के साथ बरियारपुर के इस अवैध अड्डे पर अचानक दस्तक दी और रंगे हाथों टैंकर से तेल कटिंग का काम पकड़ा। कार्रवाई के दौरान, वहां मौजूद लोग भागने में सफल रहे। पेट्रोलियम कंपनियों ने जिला प्रशासन से लगातार यह शिकायत की थी कि गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के कई स्थानों में बड़े पैमाने पर पेट्रोल और डीजल की कटिंग की जा रही है। कंपनियों का कहना था कि इससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है और उनकी बदनामी भी हो रही है।
इस अवैध धंधे को रोकने के लिए कंपनियों ने नारायणपुर थाने से भी कई बार अनुरोध किया था, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। अंत में जिला प्रशासन को यह बड़ा कदम उठाना पड़ा। चौंकाने वाली बात यह है कि यह अवैध अड्डा नारायणपुर थाने से महज साढ़े तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। दिनदहाड़े बेखौफ होकर यह कारोबार चल रहा था, जैसे कि इसे सरकारी लाइसेंस मिला हो। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टियां भी इसी रास्ते से कई बार आती-जाती थीं, लेकिन उनकी ओर से कभी कोई रोक-टोक नहीं की गई। ऐसा प्रतीत होता था मानो सब कुछ जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा हो। यह अवैध कारोबार ऐसे खुले स्थान पर हो रहा था, जिस पर आने-जाने वाले किसी भी व्यक्ति की नजर आसानी से चली जाती थी।
जब एसडीओ की छापेमारी गति पकड़ चुकी थी, तब उन्होंने थाना प्रभारी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीओ ने तुरंत जब्त की गई सामग्री की सूची बनवाई और उसे थाना प्रभारी को सौंपा। खबर लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस छापेमारी ने न केवल जामताड़ा में चल रहे अवैध तेल कारोबार को उजागर किया है, बल्कि स्थानीय पुलिस की भूमिका और संलिप्तता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
