निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद की अध्यक्षता में मादक पदार्थो की तस्करी एवं दुरूपयोग आदि को रोकने से संबंधित जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आहूत किया गया। बैठक के दौरान मादक द्रव्य पदार्थों के नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विमर्श करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने जानकारी ली। उन्होंने नशामुक्ति के प्रति जागरूकता लाने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों आदि के 200 मीटर की परिधि में नशे से संबंधित एक भी सामग्री की बिक्री नहीं हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें। वहीं बताया गया कि जनसंपर्क विभाग के द्वारा जिले के सभी 71 महाविद्यालयों एवं प्लस टू विद्यालयों में कुल 142 होर्डिंग्स के जरिए अवेयरनेस ड्राइव चलाया गया है।

उन्होंने कहा कि नशे के जुड़े हॉट स्पॉट स्थलों को चिन्हित करें। इसके अलावा उन्होंने बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशन, स्कूलों/कॉलेजों में इसके रोकथाम के लिए स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारी को अपने क्षेत्र के मेडिकल दुकानों में नियमित औचक जांच कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को रोकने के लिए समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं नशे के रोकथाम के प्रति स्थानीय भाषा में लोगों के बीच अवेयरनेस फैलाने का निर्देश दिया। आगे उन्होंने कहा कि किशोर और युवा नशे की गिरफ्त में तेजी आ रहे हैं, मादक पदार्थो के सेवन से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस पर तत्काल एवं नियमित कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्होंने इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने एवं नशा तस्करों, गांजा, गुटखा, सिगरेट आदि की बिक्री करने वाले दुकानदारों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं उपायुक्त ने अफीम गांजा की अवैध खेती तथा बिक्री पर कड़ी नजर रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करें कि जिले में कहीं भी इसका अवैध रूप से कहीं खेती न हो, अगर कहीं ऐसा है, उसे नष्ट करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करें। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, सिविल सर्जन डॉ आनंद मोहन सोरेन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती कलानाथ, डॉ डी सी मुंशी, सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *