निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । किसानों की तरक्की और कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में आज जामताड़ा ने एक ऐतिहासिक दिन देखा। कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, जामताड़ा द्वारा भूमि संरक्षण कार्यालय परिसर में छोटे एवं सीमांत किसानों को अनुदानित दर पर पंपसेट का वितरण किया गया। साथ ही कृषि यंत्रीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह, सखी मंडल एवं कृषक समूहों को मिनी ट्रैक्टर और पावर टिलर प्रदान किए गए। वहीं मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत किसानों को बड़े ट्रैक्टर भी उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने किसानों को यह सौगात सौंपी। कार्यक्रम में गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, राजद जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, कांग्रेस नेता बीरबल अंसारी और तनवीर आलम समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। जहां जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने सभी को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि आज जामताड़ा की धरती पर किसानों के चेहरे पर जो मुस्कान दिख रही है, वही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।
कृषि उपकरणों का यह वितरण वास्तव में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
महिला समूहों को मिनी ट्रैक्टर और पंपसेट मिलना उनके आत्मनिर्भरता के सफर में मील का पत्थर है।
हमारी सरकार हमेशा किसान और गरीब के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
डॉ. इरफान अंसारी जी ने जो कदम उठाया है, वह आने वाले समय में ऐतिहासिक बदलाव की नींव बनेगा।”
किसानों को संबोधित करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा
हम जनता का दिल जीत चुके हैं। हमारी सरकार केवल 5 साल के लिए नहीं, बल्कि अगले 25 साल तक जनता की सेवा करेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष औसतन 300 मिलीमीटर वर्षा होती थी, लेकिन इस बार लगभग 900 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो कृषि के लिए वरदान साबित हो रही है। हालांकि कहीं-कहीं अधिक बारिश से नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार किसानों के उत्थान और राहत के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट कहा कि उनका सबसे बड़ा फोकस गांव और किसानों का विकास है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार निरंतर नई योजनाओं और सहयोग के माध्यम से ग्रामीण समृद्धि की राह खोलेगी।
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार और जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। किसानों एवं महिला समूहों को ट्रैक्टर और उपकरण मिलने के बाद पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा। किसानों ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए डॉ. अंसारी और सरकार के प्रति आभार जताया।
जामताड़ा में कृषि यंत्रीकरण और किसान उत्थान की यह सौगात आने वाले समय में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *