रामावतार स्वर्णकार
इचाक । थाना क्षेत्र के एनएच 33 (रांची पटना रोड) पर सिरसी मध्य विद्यालय के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक महिला पूनम देवी (उम्र 32 वर्ष) पति अनिल कुमार ग्राम तिलयडीह सूरजपुरा थाना पदमा निवासी और एक नवजात शिशु (उम्र 15 घंटे मात्र) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे पंकज कुमार पिता श्यामसुंदर मेहता ग्राम हदारी थाना इचाक निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया। घटना दिन के करीब 12 बजे घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हदारी गांव निवासी पंकज कुमार की पत्नी ममता देवी ने इचाक सामुदायिक अस्पताल में मंगलवार की रात 9 बजे एक बालक को जन्म दिया। डॉक्टर की सलाह पर बुधवार को दोपहर बच्चे का स्वास्थ्य जांच कराने पंकज अपनी जेठसास और नवजात की मौसी पूनम देवी के साथ अपनी मोटरसाइकिल (जेएच 02 एजेड 2206) से हजारीबाग जा रहा था। इसी बीच पीछे से आ रहे कुट्टी लदा तेज रफ्तार ट्रेलर (जेएच 02 डब्ल्यू 6810) ने अपना संतुलन खो दिया और डिवाइडर और बिजली के पोल से टकराते हुए मोटरसाइकिल मे जोरदार टक्टर मार दिया।
टक्कर इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। वहीं बच्चा और पूनम देवी हवा में उछलते हुए दूर सड़क पर जा गिरे। जानकारी के अनुसार ट्रेलर का ड्राइवर नशे में धुत्त था और घटना के बाद ट्रेलर लेकर भागने लगा। जिसे नगवा टोल प्लाजा के पास पुलिस ने पकड़ा। इधर घटना की जानकारी पाकर थाना प्रभारी राजदीप कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया। इधर घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सैकड़ों ग्रामीणों ने एनएच मार्ग को जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। और आवागमन करीब तीन घंटे तक बाधित रहा। मौके पर एसडीओ बैजनाथ कामती, सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता, थाना प्रभारी राजदीप कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोहर राम, सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश मेहता, मुखिया उमेश प्रसाद मेहता, नंदकिशोर मेहता, सीताराम मेहता, बीस सूत्री सदस्य दिगंबर मेहता, मुखिया प्रतिनिधि अविषेक कुमार समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटवाया। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है। वहीं हदारी और तिलयडीह गांव में मातम छा गया। बच्चे की मां समेत परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
