रामावतार स्वर्णकार
इचाक । प्रखंड के डुमरौन पंचायत के मुखिया एवं वरिष्ठ समाजसेवी चोहन महतो का आकस्मिक निधन हृदय गति रुक जाने से हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार की संध्या सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर फैलते ही ईचाक प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। चोहन महतो अपने सरल स्वभाव और समाज सेवा के कार्यों के लिए जाने जाते थे। पंचायत के मुखिया रहते हुए उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए थे। यही कारण है कि वे न केवल अपने पंचायत में बल्कि पूरे प्रखंड में लोकप्रिय थे। लोगों का मानना है कि उन्होंने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी और हर वर्ग के लोगों की मदद के लिए तत्पर रहे। उनके निधन से डुमरौन पंचायत ही नहीं बल्कि पूरा ईचाक प्रखंड शोकाकुल है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अपने पीछे पत्नी पूर्व मुखिया सीता देवी, दो पुत्र और पांच पुत्री समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए। परिजनों के अनुसार, चोहन महतो का अंतिम संस्कार सोमवार को गांव के मुक्ति धाम में किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि चोहन महतो का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन पर जिप अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, वरिष्ठ नेता बटेश्वर मेहता, कांग्रेस नेता आर सी मेहता, दिगंबर मेहता, मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *