धनबाद । शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित जेसी मल्लिक रोड में बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने एक चेन स्नैचर को बाइक के साथ धर दबोचा। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार को जेसी मल्लिक रोड में एक महिला के गले से चेन छीन कर अपराधी भागने लगा। शोरगुल होने पर लोगों का ध्यान जब अपराधी की ओर गया तो देखा गया कि अपराधी का सहयोगी बाइक स्टार्ट कर उसे उसे बैठाने का प्रयास कर रहा है। जिसके बाद लोगों ने बाइक वाले को धर दबोचा। इस बीच मौका पाकर उसका सहयोगी फरार होने में कामयाब हो गया।
जबकि स्थानीय लोगों ने बाइक सवार चेन स्नैचर को दबोच कर जमकर पीटा। बाद में बाइक के डिक्की की तलाशी लेने पर कुछ संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई है। वही आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन तथा एक सोने का चेन बरामद हुआ। घटना की सूचना पाकर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। जहां उससे पूछताछ किया जा रहा है।
मालूम हो कि शहर के विभिन्न मुहल्लों में इन दिनों बाइक सवार अपराधियों का आतंक बढ़ गया है। मौका पाते ही राह चलती महिलाओं के गले से सोने का चेन, मोबाइल फोन तथा पर्स झपट कर फरार हो जा रहे हैं।
