धनबाद । शनिवार की सुबह धनबाद के राजगंज में एक भीषण सड़क हादसा हुआ. हादसे में कोयलांचल के प्रतिष्ठित व्यवसायी व रेमंड शोरूम मालिक के पुत्र और आइसक्रीम पार्लर मालिक के पुत्र की मौत हो गयी. घटना राजगंज थाना क्षेत्र के NH ( जीटी रोड ) पर हुई. बताया जाता है कि उनकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, घटना के बाद घायलों को SNMMCH अस्पताल ले जाया गया. जहाँ काफी संख्या में उनके परिचित व रिश्तेदार जुट गए. वहीं परिजन घटना से स्तब्ध है. इनका धनसार थाना क्षेत्र के जोड़ा फाटक में आवास है. बताया जाता है कि व्यवसायी विशाल कृष्णोनी के पुत्र सोहिल कृष्णोनी अपने दोस्त अनमोल रतन के साथ कार पर सवार थे. राजगंज में कार अनियंत्रित होकर पलट गयी. जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें धनबाद के SNMMCH भेजा गया. जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर धनबाद से भाजपा विधायक राज सिन्हा भी अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया और सांत्वना दिया.
