राजेश दुबे

विष्णुगढ़ । विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जमनीजारा स्थित कोनार डैम के जंगल से शुक्रवार की अहले सुबह एक महिला एवं एक पुरुष की लाश विष्णुगढ़ पुलिस बल के द्वारा बरामद की गई। मृतकों की पहचान विजय कुमार महतो (उम्र 26 वर्ष) पिता मोहन महतो निवासी ग्राम जरीडीह थाना गांधीनगर ज़िला बोकारो एवं तिलैया देवी पति मुकेश कुमार महतो निवासी ग्राम जरीडीह थाना गांधीनगर ज़िला बोकारो के रूप में की गई है। सूत्रों के मुताबिक मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा है। तिलिया देवी विष्णुगढ़ के कुसुंभा की रहने वाली थी, जिसकी शादी जरीडीह में हुई थी और वह दो बच्चों की मां भी थी। मृतक विजय कुमार महतो रिश्ते में मृतिका का देवर लगता था। इस बाबत विष्णुगढ़ थाना प्रभारी सपन कुमार महथा के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि महिला की मां के द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है। उक्त आवेदन के आधार पर विष्णुगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है। विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या -78/25 दिनांक 25/4/25 भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238, 61(2), और 3(5) के तहत मुकेश कुमार महतो पिता मोहन महतो साकिन जरीडीह बस्ती करमाटांड़ थाना गांधीनगर ज़िला बोकारो एवं अन्य के विरुद्ध दर्ज किया गया। दोनों शवों को शिनाख्त के पश्चात हजारीबाग पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। विष्णुगढ़ पुलिस इस मामले को लेकर जांच में जुटी है, जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। इसके साथ ही मृतक विजय कुमार महतो के भाई संजय कुमार महतो के द्वारा भी थाने में आवेदन दिया गया है जिसमें तिलैया देवी का पति मुकेश कुमार महतो एवं अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है कि विजय कुमार महतो की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से दोनों के शव को कोनार डैम के किनारे फेंक दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *