धनबाद । बीते 30 दिसंबर को केंदुआडीह थाना क्षेत्र स्थित गोधर पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात अपराधियों द्वारा एक ट्रक में लूटपाट करने की नीयत से पहुंचे थे, लेकिन ड्राइवर के जगे होने के कारण उक्त अपराधी घटना को अंजाम नही दे सके, इसी दौरान गिरोह में शामिल नाबालिग ने ड्राइवर से खैनी मांगी, लेकिन ड्राइवर ने खैनी नही दी। जिसपर गुस्साए उक्त नाबालिग ने ट्रक ड्राइवर उमाशंकर सिंह और खलासी नीतीश कुमार को गोलीमार कर घायल कर दिया था।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (लॉ एंड ऑडर) नौसाद आलम ने बताया कि मामले में अनुसंधान के क्रम में केंदुआडीह के ही रहने वाले गौतम भुइयां उर्फ भदुआ (19), राहुल मोदी उर्फ छैला (19), सरफुद्दीन अंसारी उर्फ छोटू (22), कल्लू पासी (19), सुजीत कुमार उर्फ सुकरा (26) और गोली चलाने वाले एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। इनकी निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया गया है। खास बात है कि इस गिरोह में शामिल सुकरा उर्फ सुजीत के विरुद्ध धनबाद के केंदुआडीह और धनसार थाना में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज है। सभी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
