धनबाद । झारखंड के विकास में झामुमो, कांग्रेस और राजद तीनों स्पीड ब्रेकर के रूप में बाधा बने हुए हैं, जिसे हटाना बहुत जरूरी है तब ही झारखण्ड का विकास संभव है हर हाल में इन तीनो को झारखंड से बाहर निकाल कर ही दम लेंगे। उक्त बातें गुरुवार को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित भाजपा की परिवर्तन यात्रा सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन गरीब आदमी का बेटा है, इसलिए हेमंत सोरेन ने सत्ता से बाहर कर दिया गया। झारखंड में बीजेपी की सरकार आएगी तो घुसपैठियों और रोहिंग्या को बारी-बारी से पहचान कर बाहर करेंगे। भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बन चुका है, पाकिस्तान को घर में घुसकर मारे हैं। कोई भी बाहरी देश छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे नहीं। यह आज का भारत है।
झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी तो 3 साल के भीतर सभी को अपना घर, शौचालय और नल मिलेगा
झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी तो 3 साल के भीतर सभी को अपना घर, शौचालय और नल मिलेगा। झामुमो ने भगवान बिरसा मुंडा की उपेक्षा की है, लेकिन हमलोग पूरे देश में गौरव के साथ उनकी जयंती मनाएंगे।
देश को आजाद हुए 75 वर्ष से अधिक बीत गए, लेकिन किसी ने भी आदिवासियों के उत्थान के लिए नहीं सोचा है। भाजपा की सरकार आएगी तो आदिवासियों को सभी तरह की सरकारी सुविधा और रोजगार मुहैया कराई जाएगी।
भारत 2027 तक विश्व में अर्थव्यस्था में तीसरे स्थान पर होगा
झारखंड के विकास में तीन बाधाएं हैं, जिसमें झामुमो, कांग्रेस और राजद हैं। तीनों स्पीड ब्रेकर हैं, जिसे हटाना बहुत जरूरी है। अभी झारखंड में परिवर्तन की बयार चल रही है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 के पहले भारत 11वें स्थान पर था, लेकिन आज भारत 5वें स्थान पर है। भारत 2027 तक विश्व में अर्थव्यस्था में तीसरे स्थान पर होगा।
जेल से बाहर आते ही हेमंत सोरेन ने चम्पई को दूध में मक्खी तरह निकाल कर फेंक दिया।
परिवर्तन यात्रा झारखंड की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बेदखल करके ही दम लेगी । अब किसी भी प्राइवेट कम्पनी में काम करने वाले कर्मचारी को पहले महीने का वेतन केंद्र सरकार देगी। 75 हजार सीट मेडिकल कालेज में बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने पैसा दिया है। चंपाई सोरेन का क्या अपराध था, जो जेल से बाहर आते ही हेमंत सोरेन ने दूध में मक्खी तरह निकाल कर फेंक दिया। क्योंकि वह एक गरीब और ईमानदार नेता हैं।
जेएमएम का मतलब ‘जमकर मलाई मारो’
जेएमएम का मतलब ‘जमकर मलाई मारो’। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा की जेएमएम, कांग्रेस और राजद की सरकार झारखंड को लूट रही है। हेमंत सोरेन ने महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपए देने की वादा किया था। हर साल 5 लाख युवाओं को नौकरी एवं 5 हजार बेरोजगारी भत्ता देने की भी बात कही थी। कोयला, गिट्टी, बालू और यहां तक सेना की जमीन भी हेमंत सोरेन ने लूट ली।
मौके पर कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, पूर्व सांसद रविन्द्र राय, पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, बोकारो विधायक विरंची नारायण, धनबाद विधायक राज सिन्हा, धनबाद प्रभारी सुनील पासवान, रागिनी सिंह, तारा देवी, प्रियंका पाल, जिलाध्यक्ष श्रवन राय, चंद्रशेखर अग्रवाल, आसनसोल की विधायक एवं धनबाद प्रभारी अग्निमित्रा पाल, प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह समेत हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए
एनएसजी कमांडो के अलावा भारी संख्या में था पुलिस बल तैनात
हवाई अड्डे पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया रक्षा मंत्री का स्वागत
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक कार्यक्रम के सिलसिले में रांची से हेलिकॉप्टर द्वारा धनबाद हवाई अड्डा पहुंचे।हवाई अड्डे पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर माननीय रक्षा मंत्री का स्वागत किया।हवाई अड्डे से माननीय रक्षा मंत्री के कारकेड के साथ उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रणधीर वर्मा स्टेडियम तक गए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद पुनः धनबाद हवाई अड्डे पहुंचे। इसके बाद उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक माननीय रक्षा मंत्री के साथ हेलीकॉप्टर तक गए और उन्हें विदाई दी।माननीय रक्षा मंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। माननीय रक्षा मंत्री के एनएसजी कमांडो के अलावा जिला प्रशासन ने हवाई अड्डे से रणधीर वर्मा स्टेडियम तक के रूट पर, रणधीर वर्मा स्टेडियम में, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी। साथ ही एडवांस वार्निंग कार, पायलट कार, जैमर, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, कलेक्ट्रेट बिल्डिंग के छत पर सुरक्षाकर्मी, रूट लाइनिंग पर बैरिकेडिंग सहित प्रोटोकोल के अनुसार सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए थे।
हवाई अड्डे पर उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के अलावा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, सिटी एसपी श्री अजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, एनडीसी श्री दीपक कुमार दुबे, डीएसपी मुख्यालय शंकर कामती, बैंक मोड़ थाना प्रभारी श्री लव कुमार के अलावा जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी गन मौजूद थे।
