धनबाद । असर्फी हॉस्पिटल के सीईओ एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री हरेन्द्र सिंह ने “धनबाद फर्स्ट” मिशन के तहत गोविंदपुर प्रखंड के पंडुकी पंचायत भवन में असर्फी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित नि:शुल्क कैंसर स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुलभ बनाना और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर, शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने समुदाय आधारित मूल्यांकन चेकलिस्ट (CBAC) फॉर्म के माध्यम से कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए जांच की, जिसमें मुख्य रूप से मौखिक, स्तन, और सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई।
इसके साथ ही, सामान्य स्वास्थ्य जांच भी प्रदान की गई, जिसमें रक्तचाप, आरबीएस, प्लस, ऑक्सीजन संतृप्ति (Sp02), तापमान, वजन और अन्य सामान्य बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल थी। श्री हरेन्द्र सिंह ने इस पहल के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और धनबाद जिले के सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल इलाज नहीं बल्कि रोकथाम भी है, और इस प्रकार के नि:शुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। असर्फी चैरिटेबल ट्रस्ट हमेशा समाज के कमजोर वर्गों के लिए कार्य करता रहा है, और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन होता रहेगा।”
असर्फी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। भविष्य में भी धनबाद और इसके आस-पास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
