निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आज 28 अगस्त को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय की अध्यक्षता में श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग एवं उद्योग विभाग का समीक्षात्मक बैठक आयोजित किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त कुमुद सहाय ने जिला नियोजन कार्यालय में निबंधित युवाओं की संख्या, 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार, रोजगार मेला का आयोजन, निबंधित श्रमिकों, उनको मिलने वाले लाभ, असंगठित कर्मकार के अलावा कौशल विभाग के तहत युवाओं के कौशल को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे कार्यों, बिरसा योजना एवं कैरियर काउंसलिंग आदि की जानकारी ली। वहीं बैठक में बताया गया कि कुल 6704 बेरोजगार युवाओं के द्वारा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया गया है। इसके अलावा बताया गया कि इस वर्ष कुल 6 रोजगार मेला का आयोजन किया जा चुका है। उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा गया कि रोजगार मेला का फिर से आयोजन करवाएं ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के रुचि एवं योग्यता ने अनुरूप वैसी निजी कंपनियों को बुलाएं एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएं।
वहीं उपायुक्त ने स्किल डेवलपमेंट को लेकर कहा कि यहां के युवा काफी मेहनती हैं, ऐसे में उनको सही स्किल की जरूरत है, ताकि वे नए ट्रेड को सीखकर रोजगार पाएं एवं आर्थिक रूप से सशाक्त हो सके। उन्होंने कहा कि जिस फील्ड में युवाओं की रुचि हो, वैसे ट्रेड में युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करें। कहा कि हमारा उद्देश्य है कि यहां के युवाओं को हुनरमंद बनाना है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ा हो सके। इसके अलावा श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने शत प्रतिशत मजदूरों का ई श्रम कार्ड बनाने का निर्देश दिया। वहीं असंगठित मजदूरों का बीमा करवाने के अलावा निबंधित लाभुकों को मेधावी पुत्र पुत्री छात्रवृति योजना, मातृत्व प्रसुविधा योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, झारखंड निर्माण कर्मकार मृत्यु/ दुर्घटना सहायता योजना, निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत लाभान्वित लाभुकों का समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं में कुल 757 लाभुकों को योजना से लाभान्वित किया गया है।
वहीं इसके अलावा उपायुक्त ने उद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए विभिन्न संचालित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा करते हुए पीएमईजीपी, पीएमएफएमइ ईवीएम पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध प्रेषित आवेदनों, स्वीकृति के अलावा लंबित एवं अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं रहने पर संबंधित अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि, अपनी कार्यशैली को सुधारें, योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर। जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू, श्रम अधीक्षक शैलेश कुमार, कुलदीप सिंह, संजय कुमार सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
