निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लॉईज फेडरेशन के आह्वान पर जामताड़ा नगर पंचायत के सभी दैनिक श्रमिक, दैनिक कर्मी और मानदेय कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। यह हड़ताल राज्य भर में नगर निकायों के कर्मियों द्वारा छह सूत्री मांगों को लेकर की जा रही है। जिसमें फेडरेशन की प्रमुख मांगों में नियमितिकरण, वेतनमान में सुधार, भविष्य निधि के लाभ, कार्य की सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। इस हड़ताल से नगर निकायों के कार्यों पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है, जिससे नागरिकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
हड़ताल के कारण जामताड़ा नगर पंचायत के दैनिक कार्य जैसे कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। फेडरेशन के प्रवक्ता ने कहा है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि नगर निकायों की सेवाएं पुनः सुचारू रूप से चल सकें।
