धनबाद । जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शनिवार को धनबाद बार लाइब्रेरी के पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दौरा किया। जहां कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
वही बार लाइब्रेरी के अध्यक्ष एके सहाय ने पिछले दिनों जिले के एसएसपी संजीव कुमार से कोर्ट परिसर में अस्थाई पुलिस पोस्ट बनाए जाने की मांग की थी। जिसके आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने शनिवार को कोर्ट कैंपस का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
मौके पर धनबाद बार लाइब्रेरी के अध्यक्ष एके सहाय ने बताया कि पिछले सप्ताह देवघर न्यायालय में अपराधियों ने घुसकर एक आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जबकि पूर्व में रोहिणी, तीस हजारी जैसे सुरक्षित समझे जाने वाले कोर्ट परिसर में भी अपराधी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके है। जिसके बाद धनबाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा की जरूरत महसूस हो रही थी। इस संबंध में जिले के एसएसपी का ध्यान बार लाइब्रेरी ने आकृष्ट कराया। जिसके उपरांत एसएसपी ने न्यायालय परिसर का दौरा कर सुरक्षा के पहलुओं पर ध्यान देते हुए विभाग के अधिकारियों को उचित निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।
मालूम हो कि देवघर व्यवहार न्यायालय परिसर में अज्ञात अपराधियों ने पिछले शनिवार की सुबह 11 बजे आरोपी शूटर अमित कुमार सिंह उर्फ निशांत (31) की पुलिस के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहटा के बसौंढ़ा का निवासी अमित पटना स्थित बेऊर जेल से शुक्रवार की शाम ही चार सिपाहियों व एक पुलिस पदाधिकारी के साथ देवघर के लिये निकला था।
देवघर में सत्रवाद संख्या-129/2018 के केस में जमानत पर चल रहे अमित को पुलिस अभिरक्षा के बीच प्रोडक्शन वारंट पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय, देवघर गरिमा मिश्रा के न्यायालय में लाया गया था। अमित न्यायालय से हाजिरी देकर वकालतखाना परिसर में अपने वकील से मिलने लौटा ही था, तभी अपराधी ने अमित के सिर में 2 व छाती में 1 गोली मार दी थी।
