निशिकांत मिस्त्री

जिले के सभी प्रखंडों/नगर निकायों के विभिन्न पंचायतों/वार्डो में “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का हुआ आयोजन

जामताड़ा । आज आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के पहले दिन पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों के विभिन्न वार्डो में सरकार के 04 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला अंतर्गत नारायणपुर प्रखंड के बुटबेरिया, जामताड़ा प्रखंड के सुखजोड़ा, करमाटांड़ प्रखंड के सिताकाटा, नाला प्रखंड के नलहटी नाला, कुंडहित प्रखंड के चूहादाहा फुटबॉल मैदान, मुड़बेड़िया एवं फतेहपुर प्रखंड के लायबनी शिव मंदिर प्रांगण पालाजोरी सहित नगर पंचायत जामताड़ा के वार्ड संख्या 01 एवं 02 के अंतर्गत संत एंथोनी स्कूल राजबाड़ी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के वरीय पदाधिकारी सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी द्वारा लगातार स्टॉल में भ्रमणशील होकर लोगों की शिकायतों का समाधान किया गया इसके अलावा मंच से एवं प्रत्येक स्टॉल पर लोगों को योजनाओं की जानकारी दिया गया। जिसमें नाला में अपर समाहर्ता सुरेन्द्र कुमार, जामताड़ा में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, नारायणपुर में जिला भू अर्जन पदाधिकारी ओम प्रकाश मंडल, फतेहपुर में जिला परिवहन पदाधिकारी अजय तिर्की, करमाटांड़ में जिला आपूर्ति पदाधिकारी कीर्तिबाला लकड़ा एवं कुंडहित में जिला कल्याण पदाधिकारी उत्तम कुमार भगत ने लोगों की समस्याओं को सुना।
सभी प्रखंडों में पूरे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों/कार्यालयों के कुल 22 स्टॉल लगाए गए, जिसमें अबुआ आवास योजना, कृषि, पशुपालन, विद्युत, कल्याण, वन एवं पर्यावरण, जेएसएलपीएस, पंचायत राज, राजस्व, स्वास्थ्य, श्रम, आधार पंजीयन एवं करेक्शन, मनरेगा, बाल विकास परियोजना, पेयजल एवं स्वच्छता जल जीवन मिशन, खाद्य सुरक्षा (सोना सोबरन धोती साड़ी वितरण एवं राशन वितरण संबंधित) शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान फोकस्ड एरिया अन्तर्गत आवेदन प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त किये गए, जिसमें अबुआ आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप योजना, जाति / आय / जन्म / मृत्यु/दिव्यांगता प्रमाण पत्र, राजस्व से जुड़े मामले जैसे म्यूटेशन, मापी लगान रसीद तथा ऑनलाइन रिकॉर्ड में सुधार करने से संबंधित मामले, आयुष्मान कार्ड, सामुदायिक वन पट्टा और व्यक्तिगत वन पट्टा के लिए सम्बन्धित एफआरसी द्वारा आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं फोकस्ड एरिया के अतिरिक्त बेनिफिशियरी ओरिएंटेड वैसी योजनाएँ जैसे सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, आधार कार्ड, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, मुख्यमंत्री चिकत्सा अनुदान योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड, श्रम विभाग अंतर्गत श्रमाधान पोर्टल पर प्रवासी श्रमिक पंजीकरण आदि के लिए भी छूटे हुए व्यक्तियों से आवेदन पत्र प्राप्त किये गए, ताकि सरकार की मंशा के अनुसार उन्हें भी लाभान्वित किया जा सके।
अबुआ आवास योजना को लेकर सभी शिविरों में विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसमे कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रिंटर, कंप्यूटर ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति भी पर्याप्त संख्या में किया गया।
लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका आवेदन प्राप्त किया गया एवं योग्य लाभुकों को कैंप में ही अहर्ता के अनुसार योजना से जोड़ा गया। जिससे लाभुकों के द्वारा प्रसन्नता जाहिर करते हुए सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया गया।

वहीं मौके पर जिले के वरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा अहर्ताधारी लाभुकों को योजनाओं से कैंप में आच्छादित करते हुए उन्हें स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। जिससे लाभुकों में प्रसन्नता देखी गई। जिसमें पेंशन, राशन कार्ड, लगान रसीद, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र, आधार रजिस्ट्रेशन/अपडेशन, मनरेगा जॉब कार्ड, कंबल वितरण सहित अन्यान्य समस्याओं में लाभुकों को ऑन स्पॉट स्वीकृति दिया गया। वहीं कार्यक्रम के निरीक्षण के दौरान वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अनिलसन लकड़ा ने फतेहपुर एवं नारायणपुर में शिविर स्थल में आम लोगों को सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने एवं इसका लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही लोगों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी भी बिचौलियों के चक्कर में ना पड़ने की अपील की गई। वहीं बताया गया कि सरकार डीबीटी के माध्यम से सीधे आपके बैंक खाते में राशि हस्तांतरित करती है इसलिए दूसरों की बातों में न आएं एवं अगर कोई व्यक्ति आपसे योजना का लाभ लेने हेतु राशि की मांग करता है तो उसकी लिखित शिकायत करें।
इस अवसर पर सभी प्रखंडों में एलईडी टीवी के माध्यम से लोगों को जागरूक करने हेतु सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित वीडियो के प्रसारण की भी व्यवस्था की गई।
इस मौके पर सभी प्रखंडों में जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *