निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । पर्व त्यौहार के मौसम में गरीब और असहाय लोगों के बीच वस्त्र एवं अन्य उपहार सामग्री वितरण करने का चलन काफी पुराना है। समाज में उच्च वर्ग के लोग, वरिष्ठ समाज सेवीगण अक्सर ही गरीबों को उपहार देकर खुशी महसूस करते हैं। इसी क्रम में शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह समाज सेवी हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने गरीब महिलाओं के बीच वस्त्र का वितरण किया। शहर के नामूपाड़ा मोहल्ले में स्थित अपने आवासीय कार्यालय में सैकड़ो महिलाओं को अंग वस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। मौके पर हाफिज मिर्जा ने अपने संबोधन में कहा कि खास मौकों पर लोगों के बीच खुशियां बांटकर हम स्वयं भी अपने आप में खुशी महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में पिछड़े व दबे कुचले ऐसे भी लोग हैं जिन्हें महत्वपूर्ण अवसरों पर भी समुचित संसाधन उपलब्ध नहीं हो पाते हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट समाज के ऐसे ही दवे कुचले वर्ग के उत्थान को लेकर कार्यरत है। ट्रस्ट के माध्यम से महिलाओं के उत्थान को लेकर विशेष पहल की जा रही है। ट्रस्ट का मानना है कि महिलाएं जितनी सशक्त होंगी समाज उतना ही उन्नति करेगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से आगे भी महिला उत्थान को लेकर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उनके समुचित विकास में हर तरह की मदद करते रहेंगे। इस मौके संथाल परगना महिला प्रभारी रेहाना परवीन, महेन्द्र स्वर्णकार, महिला जिला अध्यक्ष रेशमा बीवी, अनीश खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
