बोकारो । झारखंड के बोकारो से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है जहां आरोपियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए जमीन विवाद में एक महिला को दिनदहाड़े बीच मोहल्ले में सब के सामने जिंदा जला दिया । मामला बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के बांसगोरा का है। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना कल दोपहर की है। इस घटना को तब अंजाम दिया गया जब बांसगोरा स्थित आवास में अमीषा परवीन नहीं थी। उनके घर के तीन सदस्य मौजूद थे। तभी आसपास के 15 से 20 की संख्या में महिला पुरुषों ने उसके घर में जाकर तोड़फोड़ की। इसके बाद जब अमीषा परवीन अपने आवास पर पहुंची तो उन लोगों के द्वारा अमीषा परवीन के ऊपर तेल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद मौके पर मौजूद अमीषा परवीन के पुत्र मुजाब अली ने आग में जलता देख अपनी मां को बचाने की कोशिश की। जिसमें उसके हाथ भी झुलस गए। इसके बाद आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सदर अस्पताल में बर्नयूनिट की व्यवस्था नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया ।
सदर अस्पताल के उपादीक्षक डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि महिला 80 से 90% जल चुकी है। उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं घायल महिला अमीषा प्रवीण के पुत्र मुजाब अली ने बताया कि घर की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसे बार-बार कुछ लोगों के द्वारा खाली कराए जाने को दबाव बनाया जा रहा था और आज अचानक 15 से 20 की संख्या में लोग घर पर धावा बोल दिए। पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है।
