धनबाद । नगर निगम ने शुक्रवार की सुबह हीरापुर से रणधीर वर्मा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की टीम ने सड़क किनारे फुटपाथ का अतिक्रमण कर लगीं दर्जनों दुकानों को जबरन हटाया। फल, फूल व गुमटी वालों ने अपने सामने के फुटपाथ पर कब्जा कर वहां सामान आदि सजाकर रखा था । उन्हें भी खाली कराया गया। निगम की कार्रवाई का फुटपाथ दुकानदारों ने विरोध किया।

अभियान का नेतृत्व कर रहीं सहायक नगर आयुक्त कंचन भदौलिया ने कहा कि सड़क का अतिक्रमण कर दुकान लगाने से अक्सर जाम लगता है। इससे आम लोगों को परेशानी होती है। हाल में हुई सड़क सुरक्षा समिति के बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। सड़क पर किसी को दुकान लगाने की छूट नहीं मिलेगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा। दूसरे फेज में सरायढेला से बिग बाजार तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *