झरिया । विश्वकर्मा पूजा को लेकर कोयलांचल के विभिन्न क्षेत्रों में लोग काफी उत्साहित दिखे । बाबा विश्वकर्मा की पूजा- अर्चना को लेकर सभी तरह की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। शहर के विभिन्न स्थानों पर छोटे-बड़े पंडाल बनकर तैयार है। जिसे फूल मालाओं व दुधिया रौशनी से सजाने का काम अंतिम चरण पर है। विश्वकर्मा बाबा की पूजा-अर्चना को लेकर झरिया चार नंबर टैक्सी स्टैंड, सब्जी पट्टी टेंपो स्टैंड, झरिया बस स्टैंड समेत विभिन्न मोटर पार्टस व गैराज में पूजा पंडालों को आकर्षक रुप से सजाया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात से रविवार की अहले सुबह तक सभी पंडालों में बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी। रविवार की सुबह से ही पूरे विधि विधान व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बाबा विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की जाएगी। प्रसाद व पूजन सामग्री की खरीददारी को लेकर शनिवार की देर शाम तक बाजारों में काफी चहल-पहल रही। वहीं झरिया के विभिन्न स्थानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की जाएगी।
