धनबाद । धनबाद थाना क्षेत्र के धैया मिडिल स्कूल के समीप बिजली खंबे के संपर्क में आने से गुरुवार की दोपहर एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि धैया मिडिल स्कूल के समीप एक अपार्टमेंट के सामने बिजली खम्भे में बिजली का एक तार है। जिसपर किसी प्रकार का इंसुलेशन नहीं है। उसी तार के संपर्क में आने से लगभग 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक बिजली तार से बच्चे का शव चिपका हुआ था। बच्चे को तार से चिपका हुआ देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। इसके बाद पावर कट किया गया। लेकिन बच्चे की जान नहीं बच सकी। वहीं घटना के 3 घंटे गुजर जाने के बाद भी घटनास्थल पर ना तो पुलिस पहुंची और ना ही जिला प्रशासन का कोई अधिकारी। जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने बताया कि ठाकुर कुल्ही धैया निवासी मासूम बच्चे की मां घरों में जाकर चौका-चूल्हा का काम करती है। संभवतः मां के साथ बच्चा भी घर से आया होगा। मां को काम करता देख बच्चा आसपास में खेलने लगा। इसी दौरान वह बिजली तार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *