धनबाद । सन्नाटा देखो, व्यवसायिक प्रतिष्ठान के सामने सुतली बम फोड़ दो, माहौल बनाओ, कोई न कोई झांसा में आ ही जाएगा और मुफ्त में कमाई हो जाएगी। संभवतः इसी फार्मूला को अपनाते हुए आज गोबिंदपुर थाना क्षेत्र के खालसा होटल के सामने दो बदमाशों ने सुतली बम फेंक माहौल बनाने का प्रयास किया है।
धनबाद में अपराध की एक नई प्रवृत्ति का उत्पति हुआ है। एक बाइक पर दो या तीन बदमाश सवार होते हैं। इनके निशाने पर मध्यम वर्ग के व्यापारी होते हैं। इनकी सोच शायद यह रहती हो कि मध्यम वर्ग के व्यापारी जल्दी डर जाएंगे, जिससे उनकी मंशा पूरी हो जाएगी। गोली, बम चलाने वाले बदमाश चलती हुई बाइक से टार्गेट के सामने धमाका कर भाग खड़े होते हैं। यह अपने टार्गेट के सामने सन्नाटा देख कर ही धमाका करते हुए फरार हो जाते हैं।
आज भी खालसा होटल के सामने कुछ ऐसा ही हुआ। यूं तो दिन हो या रात खालसा होटल के सामने भीड़ रहती है और लोगों का चहलकदमी बना रहता है। बदमाशों ने आज अहले सुबह ही होटल के सामने धमाका कर दिया। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय वन अमर कुमार पांडे, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सीसीटीवी का फुटेज खंगाल बदमाशो का सुराग ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। श्री पांडे ने कहा कि व्यवसाई इस तरह के बदमाशों से डरे नहीं बल्कि निर्भीक होकर अपना काम करें। उन्होंने कहा कि बदमाश जल्द ही पकड़े जाएंगे।
