धनबाद । शनिवार की देर शाम धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई । आग लगी की चपेट में आकर घर में रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया जिससे पूरा क्षेत्र थर्रा उठा । घटना की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन की टीम ने आग पर काबू पाया । ब्लास्ट होने से घर की छत और दीवार के परखच्चे उड़ गए । जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के मास्टर पाड़ा में डोमन साव के घर में किराएदार ममता मंडल रहती है । जो आसपास के घरों में घरेलू काम कर अपनी जीविका चलाती है । घटना के समय ममता मंडल अपने काम पर गयी हुई थी । इसी दौरान घर में देर शाम शॉर्ट सर्किट की घटना घटी । जिससे घर में रखे सामानों में आग लग गई ।
आग ने घर में रखे समान को अपने लपेटे में ले लिया और रसोई तक पहुंच गया और आगलगी के चपेट में आकर गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया । लोगों का कहना है कि ब्लास्ट होने से घर की दीवार और छत के परखच्चे उड़ गए । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर ब्लास्ट आवाज सुनकर लोगों को लगा कि कहीं पर बहुत बड़ा बम ब्लास्ट हुआ है और आवाज को सुनते ही लोग आवाज की दिशा में दौड़ पड़े । गनीमत यह रही कि घटना में किसी के चोटील या घायल होने की सूचना नहीं है । घटना की सूचना किसी ने ममता मंडल को दिया सूचना मिलते ही ममता मंडल मौके पर पहुंची और वहां का नजारा देखकर वह गमगीन हो गई ।
