धनबाद । शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टेलीफोन रोड स्थित हाजरा क्लीनिक अगलगी मामले में डॉक्टर समीर हाजरा तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने शनिवार को मीडिया से मुखातिब हुए। जिसमें उन्होंने बताया कि आगलगी की घटना से उनके परिवार के अभिभावक सामान डॉ विकास हाजरा, पत्नी डॉक्टर प्रेमा हाजरा समेत पांच की मौत हुई, जो उनके लिए काफी दुखदाई है। ऐसे में कुछ गलत और भ्रामक खबरें आए दिन मीडिया में आ रही हैं, जो बेबुनियाद और तथ्यहीन है।
डॉक्टर समीर हाजरा ने बताया कि आज से आरसी हाजरा मेमोरियल क्लिनिक पहले की भांति एक बार फिर से मरीजों का इलाज करना शुरू कर दिया है। अगर अगलगी की घटना में किसी प्रकार की साजिश का अंदेशा है तो इसकी एजेंसियों से जांच कराई जा सकती है। इसके लिए वह भी झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुके हैं। लेकिन बगैर सबूत और तथ्य के भ्रामक खबरें प्रकाशित नहीं होनी चाहिए। मौके पर हाजरा क्लीनिक में मृत चिकित्सक दम्पति तथा अन्य की तस्वीर रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मालूम हो कि सरस्वती पूजा के दूसरे दिन देर रात में आरसी मेमोरियल हाजरा क्लीनिक में आगलगी की घटना घटी थी। जिसमें डॉ विकास हाजरा, पत्नी डॉ प्रेमा हजरा समेत पांच की मौत हुई थी। घटना में पालतू कुत्ते की भी जान गई थी। जबकि एक अन्य घायल को लंबे इलाज के बाद बचाया जा सका था। जिसके बाद मृत डॉक्टर दंपति के पुत्र-पुत्री ने घटना के पीछे साजिश का आरोप लगाया था।
