निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । शहर में चोरों का आतंक लगातार बढ़ते जा रहा है। आए दिन चोरी की घटनाएं घटित हो रही है। एक मामला रविवार की सुबह सामने आया है। जिसमें जामताड़ा थाना के ठीक सामने जामताड़ा कॉलेज जामताड़ा के कर्मी तापस कुमार चौबे के बंद घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना में ₹50000 नगद सहित लगभग 500000 के जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। गृह स्वामी तापस कुमार चौबे ने बताया कि 12 जनवरी को वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए अपोलो अस्पताल चेन्नई गए हुए थे। शनिवार की शाम लगभग 7:30 बजे लौट कर अपने घर आए।
जब घर का दरवाजा खोला तो दरवाजा अंदर से लॉक था। उन्हें शक हुआ और उन्होंने जोर लगा कर दरवाजे को तोड़ा तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमीरा टूटा हुआ था। देखने पर पता चला कि अलमीरा में रखे सारे जेवरात, घड़ी और नगद लगभग ₹50000 की चोरी हो गई है। तत्काल उन्होंने जामताड़ा थाना को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आकर छानबीन किया तो पता चला कि खिड़की का ग्रिल उखाड़कर चोर कमरे में प्रवेश किया था और उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। जिसके वजह से अन्य कमरों में चोर प्रवेश नहीं कर पाया। इस संदर्भ में पीड़ित ने जामताड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज करवाई है और कार्रवाई की मांग की है।
