धनबाद । जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत 11 से 17 जनवरी तक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत गुरुवार की सुबह जिला परिवहन विभाग तथा ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों व पुलिस जवानों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े स्लोगन वाले तख्तियां लेकर कतारबद्ध स्कूली बच्चे और पुलिस जवान शहर के प्रमुख मार्गो का भ्रमण करते हुए लोगो को जागरूक किया। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी तथा ट्रैफिक डीएसपी समेत कई वरीय अधिकारी भी जागरूकता रैली में शामिल रहे। रैली के आगे सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ से लोगों को जागरूक करने वाले स्लोगन बुलंद हो रहे थे।
जागरूकता रथ 17 जनवरी तक जिले के विभिन्न प्रखंडों पंचायतों में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सड़क सुरक्षा का उल्लंघन करने वालों को गुलाब फूल प्रदान कर गलती सुधारने का मौका दिया जाएगा। वहीं सड़क के विपरीत दिशा पर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलेगा।
ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि सड़क राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने तथा पीछे बैठे लोगों को भी हेलमेट पहनने के साथ-साथ पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के तेल नहीं देने के अलावा कई तरह की जागरूकता शुरू की गई है। इसके बावजूद अगर लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
