जोरापोखर। झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर डिगवाडीह बाजार के समीप बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह 10 नंबर के पास तेज रफ्तार हाइवा ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दो सेल कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रामेश्वर हजाम और प्रकाश भुइयां के रूप में की गई है। बताया जाता है कि हादसे में रामेश्वर हजाम का पैर टूट गया है, जबकि प्रकाश भुइयां को भी गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार दोनों सेल कर्मी चासनाला कोलियरी में ड्यूटी कर मोटरसाइकिल से अपने घर जीतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान डिगवाडीह 10 नंबर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जोड़ापोखर थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में जियलगोरा बीसीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *