झरिया-पुटकी को पानी के संकट से मिलेगी बड़ी राहत

जोरापोखर। झमाडा के जामाडोबा जल संयंत्र में बिजली संकट दूर करने के लिए गुरुवार को आरएस फीडर में 5 एमभीए के स्थान पर 10 एमभीए का नया हैवी ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर दिया गया है। इसके चालू होने से झरिया और पुटकी क्षेत्र के निवासियों को आने वाले दिनों में पानी की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

नए ट्रांसफॉर्मर को स्थापित करने के लिए गुरुवार को दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जल संयंत्र केंद्र की बिजली और जलापूर्ति पूरी तरह ठप रही। इसके चलते झमाडा के 12 एमजीडी और 9 एमजीडी प्लांट में जल भंडारण प्रभावित हुआ, जिससे झरिया और पुटकी क्षेत्र में करीब पांच घंटे तक जलापूर्ति बाधित रही।

दरअसल, जल संयंत्र में नए हैवी उपकरण लगने के बाद पुराने 5 एमभीए के ट्रांसफॉर्मर पर लोड अत्यधिक बढ़ गया था। इसी कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या आ रही थी और प्लांट का संचालन प्रभावित हो रहा था। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नया 10 एमभीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है।

अधिकारियों के अनुसार नया ट्रांसफॉर्मर चालू होने के बाद अब जल संयंत्र को हाई वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली मिलेगी। इससे दोनों प्लांट सुचारू रूप से चलेंगे और जलापूर्ति में सुधार होगा।

झमाडा अधिकारियों ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर अपग्रेड होने से झरिया व पुटकी के निवासियों को पानी के संकट से बड़ी राहत मिलेगी और गर्मी के मौसम में भी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *