अभिषेक मिश्रा
चासनाला । पाथरडीह थाना क्षेत्र के सेल चासनाला ईएमई विभाग अंतर्गत विद्युत सब-स्टेशन में कार्यरत एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना के बाद आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में सेल कर्मियों और अधिकारियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे चार युवक विद्युत सब-स्टेशन पहुंचे और वहां कार्यरत कर्मचारी सत्यजीत राय के साथ मारपीट की। मारपीट में सत्यजीत राय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि कांड्रा के चार युवकों ने सत्यजीत राय के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और उनका सोने का चेन व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद सेल कर्मियों और अधिकारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों ने कामकाज का बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मियों का कहना है कि इस तरह की घटना से सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बन गया है। सेल प्रबंधन की ओर से पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। कर्मचारियों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
