धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को इलाजरत जयदेव कुमार की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण मौत होने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद बीजेपी नेत्री तारा देवी अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

मृतक के चचेरे भाई रमेश कुमार ने बताया कि दो दिन पहले जयदेव कुमार ने जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार को ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

वहीं बीजेपी नेत्री तारा देवी ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री लगातार सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था बेहतर होने का दावा करते हैं, लेकिन धनबाद में स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑक्सीजन की कमी के कारण जयदेव कुमार की मौत हुई है और अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तारा देवी ने कहा कि एसएनएमएमसीएच में इलाज के लिए आने वाले अधिकांश मरीजों को रेफर कर दिया जाता है और कई मरीजों की रास्ते में ही मौत हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को पर्याप्त डॉक्टर और दवाइयां भी नहीं मिलती हैं, जिसके कारण लोगों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है।

वहीं मामले को लेकर जब SNMMCH के अधीक्षक डीके गंदोरिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *