झरिया । झरिया थाना क्षेत्र के हेटलीबान्ध निवासी कोयला व्यवसायी संदीप झुनझुनवाला के छोटे पुत्र अमन झुनझुनवाला (22) समेत दो युवकों की तोपचांची झील में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई । मामले को लेकर बताया जाता है कि शुक्रवार को अमन अपने दो दोस्तों रुद्र कुमार साव और प्रियांशु कुमार के साथ तोपचांची झील घूमने गया था और हादसे का शिकार हो गया । अमन जब पानी मे डूबने लगा तब एक अजनबी युवक ने अमन की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाकर झील में छलांग लगा दी, लेकिन इस दौरान दोनों युवक झील में डूब गए । अमन और उनके दोस्त झील के किनारे बागान में दोपहर को खाना खाया, अमन पानी में नहाने के लिए उतर गया । नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। जिसके बाद उसके दोस्त मदद के लिए चिल्लाने लगे, तभी पास में मौजूद गोविंदपुर गांव बस्ती निवासी अरमान आलम (22 ) भी अपने दोस्तों अफजल और निर्भय के साथ मौजूद था। चिल्लाने की आवाज सुनकर अरमान ने एक पल की भी देरी नहीं की और अमन को बचाने के लिए गहरी झील में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरमान ने काफी देर तक संघर्ष किया और अमन को सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और जलकुंभी में दोनों फंस गए। जिसके बाद दोनों ही काल के गाल में समा गए। हादसे की खबर मिलते ही झरिया और गोविंदपुर में मातम पसर गया। अमन झुनझुनवाला के घर में मातम पसर गया, खबर सुनते ही अमन के परिजन समेत दर्जनों युवक तोपचांची झील के लिए निकल गए । वहीं अरमान आलम ने जिस निडरता से अमन की जान बचाने की कोशिश की और बहादुरी दिखाई उसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। भले ही इस कोशिश में उसने अपनी जान गंवा दी। हालांकि इस हादसे ने तोपचांची झील की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं ।
