धनबाद । नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद में नामांकन की प्रक्रिया जोरों पर है। इसी कड़ी में धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 23 से युवा प्रत्याशी पप्पू कुमार गोप ने पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है। शिक्षित और ऊर्जावान प्रत्याशी के रूप में पहचान बना रहे पप्पू कुमार गोप ने क्षेत्र के समग्र विकास को अपना मुख्य लक्ष्य बताया।
गौरतलब है कि पप्पू कुमार गोप पंजाब से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त कर धनबाद लौटे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत सूची तैयार की जाएगी, ताकि प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, जल निकासी व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस रहेगा।
पप्पू गोप ने यह भी कहा कि वार्ड में वर्षों से लंबित पड़े विकास कार्यों को हर हाल में पूरा कराया जाएगा। उनका दावा है कि वार्ड संख्या 23 आने वाले समय में धनबाद के विकास में एक अहम भूमिका निभाएगा।
