झरिया । धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर आज शहर का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया, जब महापौर प्रत्याशी अमित अग्रवाल ने पूरे गाजे-बाजे और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा ।सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों से समर्थकों का काफिला ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और नारों के साथ निकल पड़ा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर अमित अग्रवाल का भव्य स्वागत किया। पूरे रास्ते “अमित अग्रवाल जिंदाबाद” और “शहर बदलेगा, अबकी बार…” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने इस नामांकन को एक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।समाहरणालय परिसर में भी समर्थकों का उत्साह चरम पर रहा। डीसी कार्यालय के बाहर जैसे ही अमित अग्रवाल पहुंचे, उनका जोरदार स्वागत हुआ। समर्थकों की भीड़ और उनके जोश ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि चुनावी मैदान में अमित अग्रवाल मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अमित अग्रवाल भावुक हो उठे। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय अर्जुन अग्रवाल को याद करते हुए कहा, “आज का दिन मेरे लिए बेहद भावनात्मक है। मेरे पिता स्वर्गीय अर्जुन जी ने हमेशा समाजसेवा और जनहित को सर्वोपरि रखा। उन्हीं के आदर्शों और आशीर्वाद से मैं इस मुकाम तक पहुंचा हूं। मैं यह नामांकन उनके चरणों में समर्पित करता हूं।”उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य धनबाद को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। “मैं राजनीति नहीं, सेवा की भावना लेकर मैदान में उतरा हूं। शहर की मूलभूत समस्याओं सड़क, जल निकासी, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। जनता का आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”नामांकन के साथ ही चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है। आज का शक्ति प्रदर्शन यह संकेत दे गया कि महापौर पद की यह लड़ाई बेहद रोचक होने वाली है। शहर में अब चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *