झरिया । 18 अक्टूबर दिन शनिवार को बालिका विद्या मंदिर के प्रांगण में दीया सजाने एवं रंगोली की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता से विद्यालय परिसर को रंगों और रोशनी से सजाया। रंग-बिरंगी रंगोली और सजे हुए दीयों ने त्योहार की पवित्रता और भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर झरिया मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल जी, विद्यालय सचिव श्री गणेश अग्रवाल जी, कोषाध्यक्ष श्री अमित अग्रवाल जी, सदस्य श्री मोहित अग्रवाल जी, सौरभ शर्मा जी तथा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पूनम गोयल जी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस प्रतियोगिता में कक्षा 3 से लेकर 12 तक की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का सुंदर प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाई। प्रतियोगिता में पारंपरिक, धार्मिक और आधुनिक विषयों पर बनी रंगोलियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने माँ लक्ष्मी, गणेश जी, बाल कृष्ण, आपरेशन सिंदूर, फूलों की आकृतियाँ और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी सृजनशीलता प्रदर्शित की।
निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें विजेता छात्राओं को विद्यालय के प्राचार्या ने बच्चों को मेडल और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें अपने जीवन में सृजनात्मक सोच बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन आर्ट एवं क्राफ्ट के शिक्षक श्री असीम मुखर्जी ने किया। उन्होंने बच्चों को दीपावली के वास्तविक संदेश — “अंधकार से प्रकाश की ओर” — को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी शिक्षक एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना भरपूर सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और विद्यालय परिसर उल्लास और उमंग से गूंज उठा।
