कुमार अजय
कतरास । सोमवार की शाम बाघमारा बरोरा थाना क्षेत्र के बीसीसीएल बरोरा एरिया वन क्षेत्रीय कार्यालय के समीप अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने मांद्रा पंचायत के मुखिया पति शंकर बेलदार पर ताबड़तोड़ गोलीयां चला दी। हमले में शंकर बेलदार गंभीर रूप से घायल हो गए, गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।घटना के दौरान शंकर बेलदार ने भागकर बरोरा क्षेत्रीय कार्यालय के बारांडा में शरण लेकर अपनी जान बचाई। अपराधियों के जाने के बाद शंकर ने फोन कर अपने लोगों को घटना की जानकारी दी आनन फानन में खून से लथपथ शंकर को इलाज के लिए हस्पताल ले जाया गया. इधर गोलीबारी की खुलेआम घटना से आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई, और उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दीं। ग्रामीणों में भी इस घटना से भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार पुरानी रंजीश को लेकर शंकर पर गोलीबारी की गई है । अपराधी उसके घर से ही पीछा करना शुरू किया था मौका पाकर एरिया ऑफिस के पास उसे पर हमला किया गया है । शंकर के कमर और पैर में चार गोलियां लगने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार, तोपचांची इंस्पेक्टर असीम कमल टोपनो, कतरास थाना प्रभारी आसित कुमार सिंह, बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार और बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटना स्थल से दो खोखा बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों के धर पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है ।
