धनबाद। गया पुल, जिसे धनबाद की लाइफलाइन कहा जाता है, की मरम्मत का काम तेज़ी से चल रहा है। हाल ही में पुल की ऊपरी सड़क सतह को नया बना दिया गया है। अब तकनीकी कार्य के तहत स्लैब को हाइड्रोलिक जैक की मदद से उठाकर उसमें नए बेयरिंग लगाए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग ढाई महीने का समय लगेगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुल की उम्र करीब 10 साल और बढ़ जाएगी।

पथ निर्माण विभाग धनबाद प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मिथलेश प्रसाद ने बताया कि गया पुल के स्लैब को उठाकर उसमें लगे पुराने बेयरिंग को हटाया जा रहा है और नए बेयरिंग लगाए जा रहे हैं। एक स्लैब में यह प्रक्रिया पूरी करने में लगभग 7 दिन का समय लगता है। पूरे पुल में काम पूरा होने में करीब ढाई महीने का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य के बावजूद वाहनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ेगा और यातायात सुचारू रूप से जारी रहेगा।

वहीं, काम को अंजाम दे रही कंपनी चैन पुल इंडिया लिमिटेड के तकनीकी कर्मी जन बहादुर ने बताया कि स्लैब को हाइड्रोलिक जैक से उठाकर बेयरिंग लगाने का काम अत्यंत सावधानी के साथ किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद पुल और अधिक सुरक्षित व मजबूत हो जाएगा।

गौरतलब है कि गया पुल धनबाद की प्रमुख सड़कों को जोड़ता है और इसे शहर की जीवन रेखा माना जाता है। प्रतिदिन हजारों वाहन इसी पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में इसकी मजबूती और सुरक्षा का विशेष महत्व है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आम लोगों को अगले कई वर्षों तक सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *