धनबाद । शुक्रवार की अहले सुबह निमियाघाट के औरा में हुए सड़क हादसे में एक चिकित्सक की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई । बताया जाता है कि बोकारो के तेलों अंतर्गत दान्दूडीह निवासी तीन भाई गुरुवार को बगोदर के हरिहरधाम में एक शादी समारोह में गए हुए थे। शुक्रवार की अहले सुबह बोकारो लौटने के क्रम में निमियाघाट के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने कार को चकमा दे दिया। जिससे बचने के क्रम में कार अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में जा गिरी। जिसके बाद आनन-फानन में घायलों को 1033 एम्बुलेंस से धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रमोद गोप को मृत घोषित कर दिया। जबकि पंचानन गोप व तपेश्वर गोप की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रमोद गोप बोकारो के तेलों में निजी क्लिनिक चलाते थे। बताते चले कि प्रमोद गोप व तपेश्वर गोप सगे भाई है। जबकि पंचानन गोप चचेरे भाई है। वही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
