जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह सीएफआरआई में पड़ोसी युवक पर महिला के साथ गाली-गलौज कर लोहे के धारदार हथियार से हमला कर जख्मी करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर जोरापोखर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता 28 वर्षीय सरिता कुमारी ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि पड़ोस में रहने वाला बास्कित यादव आए दिन मोहल्ले में बिना वजह लोगों से लड़ाई-झगड़ा व गाली-गलौज करता रहता है। इससे पूरे मोहल्ले के लोग भयभीत व परेशान रहते हैं।
शिकायत के अनुसार, दिनांक गुरुवार को लगभग दोपहर 03:00 बजे जब सरिता कुमारी अपने घर के बाहर खड़ी थी, तो बास्कित यादव ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने हाथ में रखे लोहे के धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। हमले में उसका बायां हाथ भी ऐंठ दिया गया, जिससे हाथ हिलाने में काफी दिक्कत हो रही है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद वहां से भाग गया।
इस संबंध में जोरापोखर थाने में कांड संख्या 136/26 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
