प्रशासन ने दोनो समुदाय के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने का किया अपील
प्रतिनिधि
इचाक । महाशिवरात्रि के दिन बुधवार को डुमरौन गांव में दो समुदाय के बीच हुए हिंसक पथराव और आगजनी मामले को लेकर गुरुवार को इचाक थाना परिसर में शांति समिति की बैठक की गई। अध्यक्षता एसडीओ लोकेश बारंग और संचालन निवर्तमान थाना प्रभारी संतोष कुमार ने किया। बैठक में एक समुदाय के लोग तो आए परंतु दूसरे समुदाय के गिने चुने लोग ही पहुंचे। दोनो समुदाय के लोगों ने बुधवार की घटना पर गहरी चिंता जताई। ग्रामीणों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा हमलोग परंपरा से भाईचारा निभाते हुए कंधे से कंधा मिलाकर एक दूसरे का सहयोग करते हुए भाई भाई के समान रहे। परंतु कुछ असामाजिक तत्व के कारण डुमरौन गांव की घटना ने इचाक प्रखंड को देश दुनिया में बदनाम किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की उच्च स्तरीय जांच कर वास्तविक दोषी को दंडित करने का मांग किया ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुरावृत्ति न हो। और इचाक में फिर से अमन चैन और शांति पूर्ववत बरकरार रहे। एसडीओ लोकेश बारंग ने कहा कि मैंने इचाक को एक शांतिप्रिय क्षेत्र के रूप में सुना था। लेकिन इस घटना ने युवाओं के भविष्य पर गहरा सवाल छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि युवा भटक कर ऐसी घटनाओं को अनजाम दे तो देते हैं लेकिन उन्हें नहीं पता कि पुलिस रिकॉर्ड में एक बार उनका नाम आ गया तो उनका पूरा कैरियर चौपट हो जायेगा। आज डिजिटल का जमाना है। एक क्लिक पर आपका सारा इनफॉर्मेशन मिल जायेगा। एसएसपी अमित कुमार ने कहा कि लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें न फैलाएं और न ही अफवाहों पर ध्यान दें। प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी श्रुति ने दोनो समुदाय के लोगों से अपील किया कि इचाक में शांति व्यवस्था बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता ने कहा की संवाद से समस्या का समाधान संभव है। अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें ताकि ऐसी घटना को बच्चे अंजाम देने से बचे और अपना बेहतर करियर बनाएं। उन्होंने कहा की मीनार वाली समस्या पर प्रशासन गंभीर है। मामला हाई कोर्ट में लंबित है। जल्द फैसला सबके हित में आएगा। बैठक में बीडीओ संतोष कुमार, इंस्पेक्टर बिनोद कुमार, मो. रजा, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोहर राम, उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि भागवत मेहता, ओम प्रकाश मेहता, विधायक प्रतिनिधि सच्चिदानंद अग्रवाल, कांग्रेस नेत्री रेणु कुमारी, आजसू नेता प्रदीप मेहता, पूर्व उप प्रमुख चंद्रदेव मेहता, मुखिया चोहन महतो, प्रमुख प्रतिनिधि सिकंदर राम, राजद नेता शत्रुघ्न राम, मुबारक हुसैन, मुन्ना मल्लिक, मो. हकीक, पंसस संतोष कुमार, महेंद्र पांडेय, संतोष मेहता समेत कई लोगों ने अपनी बात रखी। मौके पर प्रखंड के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित थे।
