निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । उपायुक्त कुमुद सहाय के निर्देश पर आज दिनांक 24 सितंबर को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेन्टर, जामताड़ा के सौजन्य से औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र, जामताड़ा में जिला स्तरीय एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। आयोजित रोजगार के संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू ने बताया कि नियोजनालय जामताड़ा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके अभिरुचि एवं शैक्षणिक योग्यता के अनुसार नौकरी प्रदान करना है। समय समय पर विभागीय निर्देश के आलोक में रोजगार मेला का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने विस्तार से बताया कि आज आयोजित रोजगार मेले में कुल 14 निजी कंपनियों यथा स्पेक्ट्रम, मनी ट्री, इनोदया, सेवा सहयोग, वालकारो, ए एस सर्विस, बदलाव फाउंडेशन, इमर्जिंग टेक, निर्मला जॉब, सरस्वती शिशु मंदिर फतेहपुर, बिरसा सिक्योरिटी, एक्सप्रेस कंसलटेंसी, ग्रामीण शिक्षा एवं प्रशिक्षण फाउंडेशन, मनोआशा फाउंडेशन ने हिस्सा लिया। आयोजित रोजगार मेला में विभिन्न क्षेत्रों से आए नियोजनालय में निबंधित कुल 315 युवाओं ने अपने योग्यता एवं इच्छानुसार विभिन्न कंपनियों में आवेदन दिया। जिसमें विभिन्न कंपनियों के द्वारा 73 युवाओं का ऑन द स्पॉट चयन किया गया, जबकि 98 युवाओं को शॉर्टलिस्टेड किया गया।
इस मौके पर आईटीआई, प्रभारी प्राचार्य दिलीप कुमार, यूएनडीपी कुलदीप सिंह, कम्प्यूटर आपरेटर संजय कुमार सहित आईटीआई कॉलेज के कर्मी एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
