निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । आज 15 सितंबर रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा के अध्यक्षता में पु०नि० सह थाना प्रभारी जामताड़ा एवं थाना प्रभारी मिहिजाम के उपस्थिति में जामताड़ा के होटल और लॉज में संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से जामताड़ा पुलिस द्वारा सुरक्षा संबंधित आवश्यक दिशानिर्देश जारी किया गया है। रविवार को जिला पुलिस मुख्यालय के सदर थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा ने जिले के होटल संचालकों के साथ बैठक की और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान थाना प्रभारी सदर राजेश मंडल वा मिहिजाम थाना थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने होटल और लॉज संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि होटल या लॉज में कमरा देने के पहले मुसाफिर का पहचान पत्र ली जाए और उसकी एंट्री रजिस्टर में नाम पता और मोबाइल नंबर के साथ स्पष्ट रूप से की जाए। यदि पुरुष यात्री के साथ कोई महिला मुसाफिर है तो संबंधित पुरुष से उसका क्या संबंध है इसकी जानकारी भी दर्ज की जाए। बैठक के दौरान डीएसपी महोदय ने सभी होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विदेशी मुसाफिरों के लिए सरकार द्वारा जारी फॉर्म सी के तहत सभी जानकारी एकत्रित करना होटल प्रबंधन के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने विदेशी पर्यटकों से जुड़ी जानकारी तत्काल स्थानीय थाना व पुलिस के विशेष शाखा को उपलब्ध कराने की बात कही। विदेशी पर्यटकों से जुड़ी जानकारी को होटल संचालक द्वारा सरकारी पोर्टल indianfrro.gov.in पर अपडेट करना भी सभी होटल संचालकों के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि होटल के एंट्री गेट रिसेप्शन गैलरी पार्किंग और डायनिंग एरिया में आवश्यक रूप से निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरा लगाने के साथ डेटा को सुरक्षित रखना होगा। बिना परिचय पत्र के किसी भी स्थिति में मुसाफिरों को नहीं ठहराया जाये एवं जो भी मुसाफिर रुकेंगे उनकी सूची नियमित रूप से पुलिस थाने में उपलब्ध कराना आवश्यक है। होटल संचालकों को सम्बोधित करते हुए डीएसपी ने कहा कि सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन कड़ाई से किया जाए। पुलिस के द्वारा चेकिंग के समय अगर पाया जाता है कि होटल या लॉज संचालक के द्वारा पुलिस के द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया गया है तो संबंधित होटल संचालक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक ने जिले के कई होटल संचालक प्रबंधक समेत अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *