निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आज 09 सितंबर सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में कारा सुरक्षा, कारा में कैदियों/बंदियों हेतु मूलभूत सुविधाएं, कैदियों/बंदियों के परिजनों से मुलाकाती, स्वास्थ्य सुविधाएं, प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा की क्रियाशीलता, ड्रैगन लाइट, जैमर, टेलीफोन बूथ, वाकी टॉकी, सायरन, जालीनुमा बैरिकेडिंग, इलेक्ट्रिक फेंसिंग, रिक्त पदों पर कक्षपालों का पदस्थापन सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा किया गया।
उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान विगत बैठक में दिए गए निर्देश के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जिन बिंदुओं पर कार्रवाई नहीं हुई, उस पर अपेक्षित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि संसीमित बंदियों के लिए कारा में टेलीमेडिसीन सेवा शुरू कर दिया है। उन्होंने बंदियों के नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रतिदिन रोस्टर के अनुसार कारा में प्रतिनियुक्ति करने हेतु जरूरी दिशा निर्देश दिया।
वही बैठक की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि कारा की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। कारा सुरक्षा के दृष्टिगत नियमित अंतराल पर सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना करते रहें। वहीं जेल में आने जाने वालों का सघन तलाशी करने, मुलाकाती के बाद परिजनों के द्वारा बंदियों को भेजे जाने वाले सामग्री का पूरे जांच के बाद ही कारा में प्रवेश सुनिश्चित करने सहित विभिन्न सुरक्षात्मक बिंदुओं पर कड़ी निगरानी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने रिक्त पदों पर कक्षपालों के पदस्थापन हेतु कारा महानिरीक्षक, झारखंड, रांची से पुनः पत्राचार कर अनुरोध करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कारा में संसिमित कैदियों/बंदियों को जेल मैनुअल के हिसाब सभी मूलभूत सुविधाओं को अनिवार्य रूप उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा बैठक में अधीक्षक मंडल कारा के द्वारा कारा में विभिन्न जीर्णोद्धार एवं रंगरोगन कार्य की आवश्यकता, कारा में अवस्थित ट्रांसफार्मर के नंगे तार से हो रही शॉर्ट सर्किट की समस्या से निपटने हेतु कवरनुमा तार लगाने सहित अन्य जरूरी बिंदुओं पर उपायुक्त से अनुरोध किया गया। उपायुक्त द्वारा इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब,सिविल सर्जन डॉ आनंद मोहन सोरेन, प्रभारी कारा अधीक्षक पंकज कुमार रवि,प्रभारी कारापाल सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
