रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक । थाना क्षेत्र के जोगिडीह गांव निवासी सहायक अध्यापक संजय मिश्रा (45) पिता स्व. रामकिशोर मिश्र की मौत कटकमसांडी थाना क्षेत्र के जेलमा मोड़ के पास सड़क दुर्घटना में हो गई जबकि घटना में उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार की संध्या 4:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सहायक अध्यापक संजय मिश्र बाबाधाम का प्रसाद पहुंचाने अपनी पत्नी बबीता देवी और पुत्र नैतिक के साथ अपनी मोटर साइकिल से बहीमर स्थित अपना ससुराल जा रहे थे। लेकिन जैलमा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहा एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक (जेएच 02 बीडी 8399 ) ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीनो व्यक्ति दूर जा गिरे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं घटना में संजय मिश्र के दोनो पैर, दायां हाथ, रीढ़ की हड्डी और दायां कंधा टूट गया। जबकि उनके पुत्र नैतिक (12) का दायां पैर और दायां हाथ टूट गया। वहीं पत्नी बबीता देवी को भी अंदरूनी चोटें आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनो घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया।

वहीं ग्रामीणों ने भाग रहे टाटा मैजिक को पकड़कर ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी तथा संजय मिश्र के मोबाइल से ही परिजनों को घटना की खबर दी गई। इधर संजय मिश्र के नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रिम्स जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इधर पुत्र और पत्नी का इलाज हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। भाजपा नेता बटेश्वर मेहता के पहल पर प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया और सांसद मनीष जायसवाल के एंबुलेंस से निशुल्क शव को गांव तक पहुंचाया गया। इधर घटना से जोगीडीह गांव में मातम छा गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से पुरा गांव दहल गया। शांत स्वभाव और मृदुभाषी संजय मिश्र मध्य विद्यालय डाढा में बतौर सहायक अध्यापक कार्यरत थे और अपनी ईमानदारी और बेहतर क्षवि के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे। उनके दो पुत्र और एक पुत्री है। परिवार में वे इकलौता कमाऊ सदस्य थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार के समक्ष घोर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार गांव के ही मुक्तिधाम में किया गया। मुखाग्नि ज्येष्ठ पुत्र नितीन मिश्र ने दिया। शव यात्रा में भाजपा नेता बटेश्वर मेहता, सांसद प्रतिनिधि रंजन जी, धीरज कुमार, जोगेंद्र मिश्र, सुरेन्द्र मिश्र, मिथिलेश मिश्र, आरके मिश्र, सोनू मिश्र समेत सैकड़ो लोगों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने सरकार से 10 लाख रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *