रामावतार स्वर्णकार
इचाक । थाना क्षेत्र के चम्पानगर नावाडीह में मंगलवार की दोपहर हुए बज्रपात में अंशु कुमारी(16) पिता राजेश रजक की मौत हो गई। अंशु कुमारी अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने खेत में धन रोपनी कर रही थी, इसी दौरान अचानक हुए बज्रपात में अंशु कुमारी ज़मीन पर गिर गई। परिजनों के द्वारा आनन-फानन में उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग लाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका अंशु कुमारी अपने माता पिता की एकलौती बेटी थी तथा उसके माता पिता दोनों बेहद गरीब परिवार हैं और मजदुरी कर अपना जीविकोपार्जन करते हैं। मृतका का पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर बज्रपात से थाना क्षेत्र के सयाल कला गांव के पुरनी टांड़ में पांच महिलाओं के घायल होने और एक दर्जन से अधिक बकरे बकरियों के मरने की सूचना है। जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक महिलाएं सयाल कला निवासी महेंद्र मेहता के खेत में मिर्च तोड़ रही थी।

इसी दौरान तेज बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए महिलाएं पास में स्थित वकील मेहता के गाय शेड में बचने चली गई। इसी दौरान एक दर्जन से अधिक बकरे बकरियां भी वहां पहुंच गई। अचानक तेज बारिश और बज्रपात से महिलाएं अचेत हो जमीन पर गिर गई। वहीं एक झुंड में आए बकरे बकरियां भी ठनका गिरने से काल के गाल में समा गई। घायल महिलाओं में सयाल कला गांव की इंदु देवी(50) पति महेंद्र मेहता, ऊर्मिला देवी पति प्रकाश मेहता, मुनिया देवी पति राजेंद्र मेहता, ऊर्मिला देवी पति महेश मेहता और सानिया देवी, ग्राम जोगीडीह व एक अन्य युवती शामिल हैं। गम्भीर रूप से घायल इंदु देवी और सानिया देवी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया जबकि अन्य का इलाज स्थानीय क्लिनिक में किया जा रहा है। इधर ठनका से राहुल राणा, भट्टू महतो, महेश मेहता, राजेंद्र मेहता और ऊर्मिला देवी की बकरी मर गई । जिससे वे लोग निराश हैं। भाजपा नेता और मुखिया प्रतिनिधि ने मौके पर घटना स्थल पर पहुंच कर घायलों को इलाज हेतु भेजने का व्यवस्था किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की भी बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *