बोकारो । पिछले दिनों बोकारो में स्क्रैप कारोबारी शंकर रवानी हत्याकांड में पकड़े गए शूटरों की निशानदेही पर पुलिस को एके- 47 समेत भारी मात्रा में हथियार व गोलियां बरामद हुआ है. बरामद हथियारों में कार्बाइन और अत्याधुनिक किस्म की नाइन एमएम की चार पिस्टल शामिल हैं. 100 से अधिक गोलियां भी जब्त की गईं हैं. ये हथियार सेक्टर 12 स्थित कोऑपरेटिव कॉलोनी से बरामद किए गए हैं. पुलिस ने घटना में शामिल कार के चालक को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भारत एकता को-ऑपरेटिव स्टोर से बरामद किया गया. उक्त स्टोर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई है. पुलिस ने शंकर रवानी हत्याकांड में शामिल चालक वीरेंद्र यादव को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की गई. पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस ने भारत एकता को ऑपरेटिव में एक स्टोर में छापेमारी की, जहां से हथियार बरामद हुए. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर पुलिस ने मामले की जानकारी दी.
