लालटू मिठारी
बलियापुर । सिंदरी के भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो के सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि कुमार महतो ने झारखंड के मुख्यमंत्री को आवेदन देकर अविभाजित बिहार सरकार के कार्यकाल से झारखंड में संचालित अनुदानित इंटर कॉलेजो में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारिर्यों को राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने की मांग किया है। मुख्यमंत्री को लिखे आवेदन में विधायक प्रतिनिधि श्री महतो ने कहा है कि पिछले 42 वर्षों से भी अधिक समय से सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के अलावा झारखंड के अन्य इलाकों में अनेक अनुदानित इंटर कॉलेज संचालित है। जिसमें सुदूर ग्रामीण इलाके के आर्थिक दृष्टि से कमजोर अनुसूचित जाति जनजाति पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यकों के छात्र छात्राएं अध्यनरत है। इन संस्थाओं के संचालन से ही सुदूर गांव के गरीब एवं लाचार छात्र-छात्राएं पढ़ लिख पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री को दिए आवेदन में यह भी कहा गया है कि इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारियों को सरकारी वेतन नहीं मिलता। अनुदान की राशि पर ही ऐसे कर्मचारी सेवा देते आ रहे हैं। अनुदान की राशि पर कार्यरत ऐसे कर्मचारियों को प्राप्त राशि महंगाई के इस दौर में काफी कम है। इन संस्थानो के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी अब तक सेवानिवृत्ति भी हो चुके हैं। अपनी मांगों को लेकर समय-समय पर ऐसे संस्थानों के शिक्षक एवं कर्मचारी आंदोलन करते रहे हैं। यहां तक की आंदोलन के दौरान स्थानीय विधायकों का आवास का भी घेराव किया जाता रहा है। विधायक प्रतिनिधि श्री महतो ने मुख्यमंत्री झारखंड सरकार से इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारीयों की बेहतर भविष्य के लिए उन्हें राज्य कर्मी का दर्जा दिलाने तथा अनुदान की राशि में हुई बढ़ोतरी के लंबित प्रस्ताव को मंत्रिमंडल में भिजवाने की मांग किया है ताकि इन संस्थानो के कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति सुधर सके।
