निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय ने जिला अंतर्गत कुंडहित एवं नाला प्रखंड के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम उपायुक्त ने कुंडहित प्रखंड के अम्बा पंचायत में प्रगतिशील किसान अरिंदम चक्रवर्ती के आम बागवानी का निरीक्षण किया। इस दौरान किसान ने बताया कि उनके द्वारा करीब 44 किस्म के देशी विदेशी प्रजाति के आम का बागबानी किया जा रहा है। उपायुक्त ने आम बागवानी की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारी को कहा कि अन्य किसानों को भी इसका व्यवहारिक प्रशिक्षण दें। जिले में आम बागवानी को बढ़ावा दें ताकि किसान आर्थिक रूप से सशक्त बनें, इसके लिए सरकार द्वारा योजना चलाई जा रही है, इसका लाभ किसानों को दें।
वहीं अम्बा पंचायत में ही उपायुक्त ने मौसमी चक्रवर्ती के अबुआ आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया एवं लाभुक से बात कर आवश्यक जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारी को उचित दिशा निर्देश दिया।
उपायुक्त द्वारा नाला प्रखंड अंतर्गत काजू बगान का निरक्षण कर संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
वहीं इसके उपरांत उपायुक्त ने नाला प्रखंड के नूतनडीह ग्राम में प्रस्तावित काजू प्लांट स्थल का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जामताड़ा में काजू प्लांट लगाने से काजू का प्रोसेसिंग यहीं संभव हो पायेगा, जिससे रोजगार के अवसर मिलने के साथ साथ किसानों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं उन्होंने नूतनडीह मैदान में अवैध रूप खड़े मालवाहक ट्रकों, हाईवा सहित अन्य छोटे बड़े मालवाहक वाहनों आदि के पार्किंग को देखकर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए अविलंब मैदान से अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि एक भी वाहन मैदान में पार्क नही होने पाए इसे सुनिश्चित करें।
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।
