निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आहूत की गई। इस दौरान उपायुक्त द्वारा ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, भूमि संरक्षण, समाज कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत, राजस्व, स्वास्थ्य शिक्षा एवं वन सहित अन्य विभागों के द्वारा किए जा रहे कार्यों का समीक्षा किया गया। बैठक में समीक्षा के दौरान उन्होंने विभागवार संबंधित अधिकारियों से एक एक कर चल रहे कार्यों के अद्यतन स्थिति की जानकारी की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

उन्होंने जिले में विधि व्यवस्था संधारण हेतु संबंधित पदाधिकारी से विमर्श करते हुए जिले में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, वाहन जांच अभियान चलाने के अलावा सभी संबंधित अधिकारी को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ विधि व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण रखने का निदेश दिया। उन्होंने इस क्रम में उत्पाद विभाग को अवैध मादक पदार्थों के बिक्री आदि पर कड़ी नजर बनाए रखने एवं समुचित कार्रवाई करने का निदेश दिया।
इसके अलावा विधि शाखा की समीक्षा के क्रम में उन्होंने पॉक्सो नियंत्रण के तहत एवं सर्टिफिकेट केस से सम्बन्धित अध्ययन रिपोर्ट देने का निदेश दिया। उपायुक्त ने नीलाम पत्र पदाधिकारी को पेंडिंग केस के तहत नोटिस निर्गत करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, बिरसा हरित ग्राम, कूप संवर्धन, मनरेगा, जेएसएलपीएस, अबुआ आवास, पीएम आवास आदि के अद्यतन प्रगति की जानकारी ली एवं योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाते हुए अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निदेश दिया। वहीं बताया गया कि अबुआ आवास के तहत जिले को आवंटित 5711 लक्ष्य के आलोक में 5131 लाभुकों के बीच प्रथम इंस्टालमेंट दिया गया है साथ ही सेकंड इंस्टालमेंट 513 लाभुकों को दिया गया है। उन्होंने अबुआ आवास को लेकर निदेश दिया कि जिन्हें प्रथम किस्त दिया गया है, उनके आवास निर्माण की स्थिति का जांच करें साथ ही सभी लाभुकों को सैंकड किस्त का भी भुक्तान करें एवं नियमानुसार ही आवास बने यह सुनिश्चित करें।

पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए दिए गए लक्ष्य के अनुसार अपेक्षित कार्रवाई करने का निदेश दिया। वहीं मत्स्य विभाग की समीक्षा के क्रम में वेद व्यास आवास योजना के तहत मत्स्य पालकों के आवास निर्माण की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने पेयजल स्वच्छता प्रमंडल को अविलंब जरूरी जगहों पर चापाकल लगवाने का निदेश दिया। इसके साथ ही कहा की स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को साफ सुथरा एवं स्वच्छ बनाएं, यत्र यत्र जल निकासी को रोकने हेतु सॉकपिट का निर्माण करें।
इसके अलावा उन्होंने अन्य सभी विभागों की समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित प्रगति लाने एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने का निदेश दिया।
उपायुक्त ने लोकसभा निर्वाचन 2024 में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संलग्न सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने हेतु शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी का योगदान सराहनीय रहा। ज्ञातव्य हो जिला अंतर्गत नाला विधानसभा का मतदान प्रतिशत राज्यभर में सर्वाधिक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *