बलियापुर । केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 154वीं वाहिनी, धनबाद व नेहरू युवा केंद्र गिरिडीह के संयुक्त तत्वाधान में 15वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत गिरिडीह जिले से 20 युवाओं के दल को मैसूर, कर्नाटक में दिनांक 6 से 12 फरवरी तक आयोजित हो रहे कार्यक्रम में प्रतिभागिता हेतु रवाना किया गया। इस उपलक्ष्य में कमांडेंट श्री अच्युतानंद के निर्देशानुसार सभी प्रतिभागियों हेतु ब्रीफिंग सेशन का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी श्री दलजीत सिंह भाटी द्वारा की गई। ब्रीफिंग सेशन के दौरान डॉ हर्ष कुमार झा, जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक नय्यर परवेज आदि उपस्थित रहे।

ब्रीफिंग सेशन के दौरान श्री दलजीत सिंह भाटी द्वारा सभी प्रतिभागी युवाओं को भारत सरकार के इस महत्वाकांक्षी अभियान के लक्ष्यों से अवगत कराया, जो की मुख्य रूप से आकांक्षी जिलों के आदिवासी युवाओं को देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति से अवगत करते हुए उन्हें मुख्य धारा से जोड़ना है । उन्होंने बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना से प्रेरित इस कार्यक्रम में प्रतिभागी युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से आ रहे युवाओं के साथ मिलकर एक दूसरे की कला, संस्कृति, रहन-सहन इत्यादि से अवगत होने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं को विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के साथ-साथ मैसूर के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। श्री दलजीत सिंह भाटी द्वारा सभी प्रतिभागी युवाओं से इस कार्यक्रम का भरपूर लाभ लेते हुए अपनी क्षमता एवं कौशल में वृद्धि करते हुए राष्ट्र निर्माण में एक सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

इस अवसर पर श्री दलजीत सिंह भाटी द्वारा सभी प्रतिभागी युवाओं को यात्रा भत्ता भी वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए इस संदर्भ में सीआरपीएफ के द्वारा एक पुरुष एवं एक महिला जवान की प्रतिनियुक्ति की गई है जो की पूरी यात्रा एवं कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं के विभिन्न आवश्यकताओं का ध्यान रखेंगे। l उक्त कार्यक्रम में झारखंड से गिरिडीह जिले के अतिरिक्त पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, गुमला एवं खूंटी से भी आदिवासी युवा अपनी प्रतिभागिता दे रहे हैं। प्रतिभागी युवाओं में पवन हांसदा, रीता हेंब्रम, नीलू मरांडी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *