दुमका । रविवार को दुमका में एक ‘दुखद घटना’ घटी जहां एक तालाब में डूबने से चार नाबालिक बच्चों की मौत हो गई, घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया । दुमका के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के पथरिया गांव में रविवार की दोपहर तालाब में नहाने के क्रम में तीन बालिका और एक बालक की मौत हो गई। मरने वाले बच्चों में 12 साल की ज्ञानगंगा कुमारी, दस साल की नंदनी कुमारी, दस साल की रेखा कुमारी व 12 साल का कुंदन यादव शामिल हैं।

चारों पिंडरा गांव के रहने वाले थे। तीनों बालिकाएं मांझी समुदाय की हैं और आपस में रिश्तेदार हैं। जबकि बालक यादव समाज का है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया है।

दोपहर के समय चारों बच्चे घर से करीब 500 मीटर दूर पथरिया तालाब में नहाने के लिए गए थे। चारों को 15 फीट गहरे तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। चारों एक साथ तालाब में नहाने के लिए उतरे। चंद कदम आगे बढ़ने के बाद अचानक तालाब की गहराई में समा गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *